Total Pageviews

Sunday, December 28, 2025

भगवान के अनेक रूप--डॉ मधुछन्दा चक्रवर्ती



बात 1980 के दशक की है।

इंफाल, मणिपुर का एक मनमोहक शहर, अपनी प्राकृतिक संपदा को लिए भरा-पूरा था। ऊँचे-ऊँचे पहाड़ों, घने जंगलों, और विविध प्रजातियों के फूलों से सजा यह शहर, टीक और ओक जैसे विशाल वृक्षों से घिरा अपनी सुंदरता पर इठलाता था। लेकिन यह शहर जितना प्राकृतिक रूप से सुंदर था, उतना ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण भी। सरकारी दफ्तरों के साथ-साथ, असम राइफल्स की बटालियन का विशाल कैम्पस भी इसी शहर में मौजूद था। यहाँ हर तरफ सुरक्षा के कड़े पहरे थे, जो शहर की शांत सुंदरता के नीचे दबे एक अदृश्य तनाव का संकेत देते थे।

यहीं पर, इसी सैन्य छावनी के भीतर, तुतुल और उसका परिवार रहता था। तुतुल के पिता असम राइफल्स के स्कूल में शिक्षक थे। तुतुल स्वयं इंफाल के सेंट्रल स्कूल में पढ़ने जाया करती थी। कैम्पस के लगभग सभी बच्चे उसी सेंट्रल स्कूल में पढ़ने जाते थे।

तुतुल मात्र पाँच साल की थी और अभी प्राथमिक कक्षा में ही पढ़ती थी। उसकी माँ, रुनु देवी, उसे अपने पड़ोसी के समझदार और उम्र में बड़े बेटे, चेतन, के साथ स्कूल भेजा करती थीं। तुतुल असम राइफल्स की ओर से मिली बस से ही आना-जाना करती थी। तुतुल का स्वभाव थोड़ा निराला था: उसकी माँ खाने में उसे कुछ भी देती, तो वह झट से अपने सहपाठियों में बाँट देती और उनके टिफिन से खाकर आती थी। सुबह माँ जितनी मेहनत से उसे साफ-सुथरा, एक अनुशासित बच्ची की तरह तैयार कर भेजती, शाम को तुतुल स्कूल से वापस आते समय धूल और मिट्टी में सनी हुई आती। बगल वाले दक्षिण भारतीय अय्ययर जी अपने विशेष लहजे में कहते थे, "जाने के टाइम तो मास्टर जी की बेटी लगती है, आने के टाइम तो भिखारी की बच्ची लगती है अय्यो!" तुतुल यह सुनकर बस हँसती रहती। उसकी माँ और पिताजी भी हँसते थे, क्योंकि वे जानते थे कि तुतुल को सुधारना 'पत्थर में से तेल निकालने' के बराबर है।

स्कूल के पास लगे जंगल की तरफ़ जो फेंसिंग थी, तुतुल अक्सर वहाँ पहुँच जाती और सुंदरबन के फूल तथा रंग-बिरंगे पत्थर उठा लाती। बेचारी माँ को रोज़ उसके कपड़े धोकर सुखाने पड़ते और रोज़ ही उसका स्कूल बैग साफ़ करना पड़ता। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह मिट्टी और अपने खिलौनों से खेलने बाहर चली जाती। कैम्पस के चिल्ड्रन पार्क से उसे बहुत मनाकर लाना पड़ता था; वरना उसके लिए तो इधर-उधर खेलना और भटकते रहना ही ज़्यादा अच्छा लगता था।और इसी मनमानी का खामियाजा एक दिन उस बेचारी नन्हीं बच्ची को भुगतना पड़ा।

उस दिन शिक्षक दिवस था, जिसके कारण स्कूल में केवल आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई थी। स्कूल जाते समय, उसकी माँ ने उसे सख़्त हिदायत दी थी कि छुट्टी होते ही इधर-उधर भटकना नहीं, सीधे बस से घर चली आना। स्कूल में शिक्षक दिवस मनाया गया। फिर बच्चों को लड्डू देकर वापस भेज दिया गया।

तुतुल स्कूल से निकलकर गेट के सामने पहुँची। वहाँ उसकी नज़र अपने एक सहपाठी पर पड़ी जो बड़े चाव से आइसक्रीम खा रहा था। बेचारी नन्हीं बच्ची आइसक्रीम देखकर वहीं रुक गई और आइसक्रीम वाले से एक आइसक्रीम मांग ली। वह उसे खाने में इतनी मशगूल हो गई कि पड़ोसी का चेतन, जो तुतुल को लेने आया था, उसे आवाज़ देता रहा, पर वह उसकी बात सुन ही नहीं पाई। चेतन भी उसे बुला-बुलाकर थक गया और यह मानकर कि तुतुल उसके पीछे आ रही होगी, वहाँ से चला गया। जब तुतुल ने आइसक्रीम खाकर आँखें उठाईं, तो देखा—उसकी बस जा चुकी थी। वह बस को रोकने के लिए पीछे दौड़ी, लेकिन इतनी नन्हीं बच्ची की पुकार कौन सुनता? पलक झपकते ही बस ओझल हो गई, और तुतुल वहीं सड़क किनारे बैठकर फूट-फूटकर रोने लगी।

कहते हैं, जब भगवान किसी को बचाना चाहते हैं, तो वह किसी-न-किसी रूप में आकर उसकी सहायता करते हैं। और आज तुतुल को भगवान के दो रूप देखने को मिले।

जब तुतुल रो रही थी, तो उसकी चीखें सुनकर एक भद्र पुरुष उसके पास पहुँचे। उन्होंने ममता भरे स्वर में बांग्ला भाषा में उससे पूछा। तुतुल ने रोते-रोते अपने बारे में बताया। यह सुनकर, वह सज्जन व्यक्ति बच्ची को घर पहुँचाने के लिए आसपास रिक्शा ढूँढ़ने लगे। उन दिनों मंत्रिपूखरी में तीन पहियों वाला रिक्शा बहुत चलता था और मणिपुरी लोग इसका ख़ूब इस्तेमाल करते थे—कोई व्यवसाय के लिए तो कोई सवारी के लिए।

तभी उन्हें एक रिक्शावाला मिल गया। उस सज्जन व्यक्ति ने रिक्शावाले को पूरी बात समझाकर तुतुल को उस पर बिठा दिया। रिक्शावाला तुतुल को असम राइफल्स के कैम्पस ले जाने के लिए तैयार हो गया।

उन दिनों वैसे भी मणिपुर में उग्रवादियों का बहुत उपद्रव था। इसी कारण पूरे पूर्वोत्तर राज्यों में सेना का कड़ा पहरा और शासन था। इस तनावपूर्ण माहौल में कोई भी सेना से पंगा लेना नहीं चाहता था। ऐसे में, यदि सेना की छावनी से कोई बच्ची लापता हो जाती, तो न जाने क्या हो जाता! इसलिए वह रिक्शावाला, असम राइफल्स के ठिकानों को पहचानते हुए, तुतुल को लेकर एक जोखिम भरी यात्रा पर निकल पड़ा।

इधर, जब स्कूल से बाकी बच्चे लौट आए और तुतुल दिखाई नहीं दी, तो उसके माता-पिता परेशान हो गए। पहले तो उन्हें लगा कि शायद सभी बच्चों की छुट्टी नहीं हुई होगी, लेकिन जब देर होने लगी, तो उनके मन में अनजानी आशंकाएँ घर करने लगीं। उन्हें तुतुल के साथ हुई घटना का कोई अंदाज़ा नहीं था।

उधर, वह मणिपुरी रिक्शावाला तुतुल को लेकर पहले एक पुराने असम राइफल्स कैम्पस के सामने पहुँचा, लेकिन तुतुल ने कहा कि वह यहाँ नहीं रहती। रिक्शावाला बिना घबराए, उसे लेकर दोबारा नए और सही असम राइफल्स कैम्पस की तलाश करने लगा। आख़िरकार, वे लोग सही ठिकाने तक पहुँच गए।

तुतुल के घर के बगल वाले क्वार्टर में उसके पिता के एक मणिपुरी सहकर्मी रहते थे। उनके घर की भद्र महिला बाहर निकली और उन्होंने तुतुल के माता-पिता को ख़बर दी। तब तुतुल की तरफ़ देखने पर, मणिपुरी भद्र महिला ने उस रिक्शावाले से सारी बात पूछी और तुतुल के माता-पिता को घटना समझाई। उस दिन तुतुल के माता-पिता ने अश्रुपूर्ण आँखों से भगवान का शुक्रिया अदा किया कि उनकी बेटी को एक बहुत बड़ी विपत्ति से बाल-बाल बचा लिया गया। उस सज्जन व्यक्ति और उस रिक्शावाले के रूप में आए 'भगवान' को वे ज़िंदगी भर नहीं भूले।


डॉ मधुछन्दा चक्रवर्ती 

बंगलुरू

No comments:

Post a Comment

अंधेरा या रोशनी

लोग कहते हैं—काली अँधेरी रात बीत जाएगी, सुबह की पहली किरण के साथ खुशियाँ आएगी। अँधेरी रात शायद किसी को पसंद नहीं आती, मगर यह रात मुझे बहुत ह...